थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर खूनी संघर्ष! एयरस्ट्राइक में कई नागरिकों की मौत, बढ़ा युद्ध का खतरा
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ताज़ा घटनाक्रम में थाईलैंड ने सीमा क्षेत्र में F-16 फाइटर जेट्स से एयरस्ट्राइक की, जिसमें अब तक 14 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मरने वालों में कई नागरिक भी शामिल हैं। दोनों देशों के बीच यह संघर्ष उस विवादित सीमा इलाके को लेकर है, जिसे लेकर वर्षों से तनाव बना हुआ है।
कंबोडिया ने इस हमले को “सीधा युद्ध का एलान” बताया है और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में आपात बैठक की मांग की है। थाईलैंड की सेना ने दावा किया है कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई, क्योंकि कंबोडियाई सैनिकों ने पहले फायरिंग शुरू की थी। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि दोनों देशों ने अपने राजनयिकों को वापस बुला लिया है और सीमा पूरी तरह सील कर दी गई है।
विश्लेषकों का मानना है कि सैन्य शक्ति के मामले में थाईलैंड कंबोडिया से काफी आगे है। थाई वायुसेना और नौसेना की ताकत क्षेत्र में दबदबा रखती है। लेकिन यदि तनाव युद्ध में बदल गया, तो पूरा दक्षिण-पूर्व एशिया इसकी चपेट में आ सकता है।
इस बीच थाईलैंड के आंतरिक हालात भी अस्थिर हैं। देश की अर्थव्यवस्था पहले ही सुस्ती के दौर से गुजर रही है। पर्यटन से जुड़े आंकड़े बताते हैं कि विदेशी पर्यटकों की संख्या में गिरावट आई है, जबकि राजनीतिक अस्थिरता और सीमा संघर्ष ने देश की छवि को और प्रभावित किया है।
सवाल उठता है – क्या थाईलैंड और कंबोडिया के बीच यह सीमा विवाद अब युद्ध का रूप ले लेगा? या फिर अंतरराष्ट्रीय दबाव में दोनों देश पीछे हटेंगे? आने वाले दिन इस पूरे मामले में निर्णायक साबित होंगे।