लालकुआँ में अवैध खनन पर वन विभाग का बड़ा प्रहार: गश्त के दौरान खनिज लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, तस्कर फरार
मुकेश कुमार
लालकुआँ-बिंदुखत्ता क्षेत्र में अवैध खनन और बेशकीमती वन संपदा की चोरी रोकने के लिए वन विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है, जिसके चलते दिनांक 3 फरवरी 2026 को अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया। सुरक्षा बल प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी नवीन सिंह रैकवार के नेतृत्व में कालिका मंदिर के समीप गश्त कर रही टीम ने एक संदिग्ध बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को आर.बी.एम. (खनिज सामग्री) ले जाते हुए देखा। वन विभाग की टीम को देखते ही चालक के हाथ-पांव फूल गए और जब टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, तो शातिर चालक वाहन को बीच रास्ते में ही छोड़कर घनी आबादी का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। मौके पर की गई सघन जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध आर.बी.एम. लदा पाया गया, जिसके संबंध में चालक या वाहन स्वामी के पास कोई भी वैध प्रपत्र, रवन्ना या अनुमति पत्र मौजूद नहीं था।
वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में लिया और निजी संसाधनों की मदद से उसे लालकुआँ डौली रेंज वन परिसर में सुरक्षित खड़ा करवा दिया है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी सुरक्षा बल नवीन सिंह रैकवार, वन दरोगा धन सिंह अधिकारी, दिनेश पंत, प्रकाश तिवारी, कृष्ण चंद्र शर्मा तथा वन आरक्षी दया किशन जोशी, ललित बिष्ट और वाहन चालक चंदन वेदी शामिल रहे। फिलहाल विभाग द्वारा इस प्रकरण में अज्ञात वाहन स्वामी और चालक के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है, जिससे क्षेत्र के खनन माफियाओं में साफ तौर पर खौफ का माहौल बना हुआ है
।