कोसी नदी में अवैध खनन पर रामनगर वन प्रभाग का बड़ा एक्शन: माफियाओं में खलबली, दो ट्रैक्टर जब्त
रामनगर रेंज में अवैध खनन के काले कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए वन विभाग अब पूरी तरह ‘एक्शन मोड’ में नजर आ रहा है। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी और वन क्षेत्राधिकारी के सटीक दिशा-निर्देशन में विभाग ने खनन माफियाओं के खिलाफ एक बार फिर अपनी ताकत का लोहा मनवाया है।
मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को कोसी नदी क्षेत्र में सघन गश्त के दौरान वन विभाग की टीम ने घेराबंदी करते हुए अवैध खनन में लिप्त एक खतरनाक मॉडिफाइड ट्रैक्टर (केकड़ा) और एक अन्य ट्रैक्टर को रंगे हाथों धर दबोचा। विभाग की इस बिजली जैसी फुर्तीली कार्रवाई से मौके पर मौजूद खनन माफियाओं में भगदड़ मच गई। टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लिया और अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए उन्हें वन चौकी परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया है। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में वन दरोगा मो. इमरान, तारिक हामिद, सुरजीत सिंह, अजमत खान के साथ बीट अधिकारी त्रिलोक राम, जगदीश प्रसाद, पंकज रावत, अजय जौन और वाहन चालक सुन्दर व अजय रावत शामिल रहे। अधिकारियों की इस कड़ी निगरानी और जीरो टॉलरेंस की नीति ने यह साफ कर दिया है कि कोसी की छाती चीरने वाले माफियाओं के लिए अब रामनगर में कोई जगह नहीं बची है।