प्रिया मॉल के ग्रीन वैली स्पा पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम का छापा: नियमों की उड़ी धज्जियां, रसूख के रक्षण में फिर सुर्खियों में बदनाम मॉल
अज़हर मलिक
काशीपुर के मुरादाबाद रोड स्थित प्रिया मॉल में संचालित ‘ग्रीन वैली स्पा सेंटर’ पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की अचानक हुई छापेमारी से आज पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, जहाँ नियमों को ताक पर रखकर व्यापार चलाने की गंभीर शिकायतें मिल रही थीं। गगन नामक व्यक्ति द्वारा संचालित इस स्पा सेंटर की स्थिति ‘अंधेर नगरी चौपट राजा’ जैसी बनी हुई है, क्योंकि मौके पर न तो कर्मचारियों के पास कोई पेशेवर योग्यता का प्रमाण मिला और न ही सेंटर के बोर्ड पर अनिवार्य जीएसटी नंबर का कहीं उल्लेख दिखाई दिया,
जिससे इसके वैध पंजीकरण और हेल्थ ट्रेड लाइसेंस पर भी गहरे सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि पुलिस टीम की कार्रवाई के बाद भी अभी तक किसी अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे यह सस्पेंस गहरा गया है कि क्या पुलिस किसी बड़ी गोपनीय कार्रवाई की तैयारी में है या फिर रसूखदारों के दबाव में मामला शांत हो गया है। प्रिया मॉल का विवादों से पुराना नाता रहा है।
और पूर्व में भी यहाँ एक कैफे में देह व्यापार का भंडाफोड़ होने पर गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, लेकिन सूत्रों की मानें तो इन संचालकों के हौसले इतने बुलंद हैं कि जिला मुख्यालय में बैठे सफेदपोशों के फोन इनकी हमदर्दी में अधिकारियों तक पहुँच जाते हैं। अब देखना यह होगा कि रसूख और राजनैतिक संरक्षण के दम पर फिर से संचालित होने वाले इन स्पा सेंटरों पर प्रशासन वाकई कोई कठोर चाबुक चलाता है या फिर यह छापेमारी महज एक रस्म अदायगी बनकर रह जाएगी।


