हरिद्वार ब्रेकिंग: पतंजलि पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह; भव्य स्वागत के साथ रात्रि प्रवास, कल करेंगे ‘इमर्जेंसी हॉस्पिटल’ का उद्घाटन
हरिद्वार: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ऋषिकेश के कार्यक्रमों को संपन्न करने के पश्चात देर शाम धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे। गृहमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। वे आज रात्रि प्रवास पतंजलि योगपीठ में करेंगे।
पतंजलि योगपीठ पहुंचने पर योगगुरु स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने पुष्पगुच्छ भेंट कर गृहमंत्री का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पारंपरिक तरीके और मंत्रोच्चार के साथ उनका अभिनंदन किया गया। गृहमंत्री के प्रवास को देखते हुए प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह अलर्ट मोड पर है; योगपीठ परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई सौगात
तय कार्यक्रम के अनुसार, 22 जनवरी की सुबह गृहमंत्री अमित शाह पतंजलि में नवनिर्मित ‘इमर्जेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल’ का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस अस्पताल के शुरू होने से न केवल हरिद्वार बल्कि आसपास के क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती मिलेगी। गृहमंत्री के इस दौरे को विकास और जनकल्याण के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहाहै।
