कानून की दलीलों से पलटा बंद किस्मत का ताला, अली अनवर और दिलशाद हुसैन की जोड़ी ने पेश की वकालत की मिसाल
अज़हर मलिक
जब मामले की संवेदनशीलता और पांच महीनों की लंबी कैद एक अभेद्य दीवार की तरह खड़ी हो, तब उम्मीद की किरणें अक्सर धुंधली पड़ने लगती हैं। “आई लव मोहम्मद अली खां” प्रकरण में भी कुछ ऐसा ही मंजर था, जहाँ मोहम्मद दानिश (होटल वाले) की रिहाई एक अबूझ पहेली बनी हुई थी। कानूनी दांव-पेचों के बीच यह सवाल हर किसी के जेहन में था कि क्या कानून की चौखट से राहत मिल पाएगी? लेकिन आज न्यायालय के भीतर जो हुआ, वह महज़ एक सुनवाई नहीं, बल्कि वकालत के हुनर और कानूनी बुद्धिमत्ता का एक ऐसा प्रदर्शन था जिसने पूरे प्रकरण का दृश्य ही बदल दिया।
वरिष्ठ अधिवक्ता अली अनवर और दिलशाद हुसैन की जोड़ी ने आज अदालत में जिस धारदार अंदाज और कानूनी बारीकियों के साथ मोर्चा संभाला, उसने यह साबित कर दिया कि जब अनुभव और विशेषज्ञता एक साथ मिलते हैं, तो न्याय की राह आसान हो जाती है। इन दोनों कानूनविदों ने अपनी दलीलों में तथ्यों को कुछ इस तरह पिरोया कि विरोधियों के पास निरुत्तर होने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। अली अनवर की सुलझी हुई जिरह और दिलशाद हुसैन की तथ्यात्मक मजबूती ने माननीय न्यायालय को मामले के एक नए पहलू से रूबरू कराया। उनकी रणनीतिक समझ और कानून पर जबरदस्त पकड़ का ही परिणाम रहा कि माननीय न्यायालय ने उन तर्कों को स्वीकार करते हुए मोहम्मद दानिश को जमानत की मंजूरी दे दी। यह सफलता न केवल उनके मुवक्किल के लिए बड़ी राहत है, बल्कि यह अली अनवर और दिलशाद हुसैन की उस पेशेवर निष्ठा और बेजोड़ वकालत का प्रमाण भी है, जिसकी चर्चा अब शहर के हर कानूनी हलके में हो रही है।