देवभूमि के जांबाजों का ‘ट्रिपल नॉकआउट’: कुण्डा पुलिस ने तोड़ी नशे और जुर्म की कमर!
अज़हर मलिक
“मौत का सामान बेचकर अपनी सल्तनत बनाने वालों, याद रखना… पुलिस की गिरफ्त से बड़ी कोई ताकत नहीं होती।” उधम सिंह नगर की कोतवाली कुण्डा पुलिस ने अपराध और नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए एक ही झटके में तीन शातिर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। पहली सर्जिकल स्ट्राइक में पुलिस टीम ने कुदईयोवाला मोड़ पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार तस्कर राहिल और यामीन को दबोचा, जिनके पास से 8.30 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन), एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और बिना नंबर की बाइक बरामद कर इनके नशे के साम्राज्य को ध्वस्त कर दिया।
वहीं, दूसरी ओर रात के अंधेरे में पेट्रोल पंप के पास बड़ी वारदात की फिराक में खड़े बहादुर सिंह को 315 बोर के नाजायज तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर पुलिस ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है कि “अगर जुर्म का रास्ता चुनोगे, तो अंजाम सिर्फ जेल की कालकोठरी होगी।” उ.नि. गणेश दत्त भट्ट और उनकी टीम की इस मुस्तैदी ने न केवल उत्तराखंड की जवानी को नशे के आगोश में जाने से बचाया है, बल्कि संभावित खूनी वारदातों को भी समय रहते रोक दिया है। देवभूमि की शांति भंग करने वालों के लिए यह साफ चेतावनी है कि पुलिस की नजर हर उस कदम पर है जो कानून की हद पार करने की कोशिश करेगा।