नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने रामबाबू मिश्रा और पूरन रजवार को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, कहा– कांग्रेस ने खोए अपने दो मजबूत स्तंभ
मुकेश कुमार
लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में बीते दो दिनों के भीतर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रामबाबू मिश्रा और समर्पित नेता पूरन रजवार के आकस्मिक निधन से समूचे क्षेत्र और कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुखद घड़ी में परिजनों को संबल देने पहुँचे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने दोनों दिवंगत नेताओं के आवास पर जाकर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
यशपाल आर्य ने दोनों नेताओं के निधन को पार्टी के लिए एक ऐसी अपूर्णीय क्षति बताया जिसकी भरपाई करना नामुमकिन है। उन्होंने स्वर्गीय रामबाबू मिश्रा को ‘विकास पुरुष’ के रूप में याद करते हुए कहा कि लालकुआँ के विकास कार्यों में उनका योगदान अतुलनीय है और वे पार्टी के एक ऐसे मजबूत स्तंभ थे जिन्होंने हमेशा संगठन को नई ऊंचाइयां दीं। साथ ही उन्होंने पूरन रजवार के निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने दो सच्चे और कर्मठ सिपाहियों को खो दिया है। श्री आर्य ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इन दोनों महान विभूतियों के आदर्श और पार्टी के प्रति उनका समर्पण हमेशा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करता रहेगा।