रामनगर: काशीपुर-हल्द्वानी मार्ग पर ‘दबंग’ बस चालक का तांडव, मामूली टक्कर के बाद बीच सड़क पर तमाशा
सलीम अहमद साहिल
रामनगर। रामनगर की तंग सड़कों पर बस संचालकों की गुंडागर्दी और मनमानी आम जनता के लिए जी का जंजाल बन गई है। ताजा मामला पुराना रोड बस अड्डा, भवानीगंज बाईपास के पास सामने आया, जहाँ दिशाओं के भ्रम और तंग सड़क ने एक हादसे को दावत दी, जिसे बस चालक ने ‘हाई वोल्टेज ड्रामा’ बनाकर घंटों तक यातायात बाधित रखा।
घटनाक्रम के अनुसार, काशीपुर की ओर जा रहे एक ट्रक और हल्द्वानी की ओर जा रही एक निजी बस (UK 19PA 0114 के बीच बीच तंग सड़क और ट्रैफिक के चलते आपस में हल्का सा घर्षण हो गया। फ़ोटो साफ़ बयां कर रही है कि दोनों वाहन विपरीत दिशा से आ रहे थे। इस मामूली रगड़ के बाद, बस चालक ने आपा खो दिया। कानून और व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए उसने बस को ठीक बीच सड़क पर ही रोक दिया।
इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत के चलते चंद मिनटों में ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पर्यटक, स्थानीय लोग और आवश्यक सेवाओं के वाहन भीषण जाम में फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बस चालक से बस को किनारे लगाने की गुजारिश की ताकि ट्रैफिक सुचारू हो सके, लेकिन बस चालक अपनी हेकड़ी पर अड़ा रहा। उसका साफ़ कहना था— “सड़क तभी खुलेगी जब मेरे नुकसान की भरपाई होगी।”
दबंगई पर गंभीर सवाल
सवाल यह उठता है कि क्या सार्वजनिक सड़कें इन बस चालकों के ड्रामे का मंच बन चुकी हैं? एक मामूली खरोंच पर क्या पूरे शहर और हजारों पर्यटकों को बंधक बनाना सही है? विपरीत दिशा से आ रहे वाहनों के बीच ऐसी छोटी-मोटी रगड़ एक तंग सड़क पर सामान्य बात है, लेकिन इसे मुद्दा बनाकर कानून अपने हाथ में लेना गंभीर अपराध है।
प्रशासन से सीधा सवाल है— क्या बस संख्या UK 19PA 0114 के इस दबंग चालक पर सार्वजनिक मार्ग बाधित करने, आम जनता को परेशान करने और नियमों को ताक पर रखने के जुर्म में मुकदमा दर्ज होगा? या फिर ऐसे लोगों को खुली छूट मिलती रहेगी?



