गणतंत्र दिवस पर रामनगर कोतवाली के लिए गौरव का क्षण, सब-इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार हुए सम्मानित।
सलीम अहमद साहिल
रामनगर। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर एक ओर जहाँ रामनगर कोतवाली परिसर में पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया गया, वहीं दूसरी ओर यह दिन रामनगर कोतवाली के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक बनकर सामने आया। वर्ष 2025 में रामनगर विधानसभा क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट, सराहनीय और प्रभावी पुलिस कार्यों के लिए रामनगर कोतवाली अंतर्गत मालधनचौड़ पुलिस चौकी में तैनात सब-इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार को कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत द्वारा डी.एस.ए. ग्राउंड, नैनीताल के मंच से सम्मानित किया गया।
विगत वर्ष 2025 के दौरान रामनगर क्षेत्र कई बड़ी और सनसनीखेज आपराधिक घटनाओं से दहल उठा था, लेकिन रामनगर पुलिस ने इन चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए त्वरित कार्रवाई, सशक्त खुफिया तंत्र और सटीक रणनीति के बल पर सभी मामलों का सफल अनावरण कर यह साबित कर दिया कि अपराधी चाहे कितने ही शातिर क्यों न हों, कानून के लंबे हाथ उनकी गर्दन तक पहुँच ही जाते हैं।
रामनगर पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में जिन प्रमुख मामलों का खुलासा किया गया, उनमें सारिम हत्याकांड, रामनगर, क्यारा रिसोर्ट में 13 लाख रुपये की चोरी, शांति कुंज, लखनपुर रामनगर में 30 लाख रुपये मूल्य के सोने के बिस्किट एवं आभूषणों की चोरी तथा समीर हत्याकांड जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। इन सभी मामलों में रामनगर पुलिस ने न केवल अपराधियों को गिरफ्तार किया, बल्कि जनता में कानून के प्रति विश्वास को भी मजबूत किया।
इन सफल खुलासों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद नैनीताल के आदेशानुसार तथा अपर पुलिस अधीक्षक, हल्द्वानी के निर्देशन पुलिस क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के सतर्क पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में कुशल कमान में गठित विशेष जांच दलो ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन टीमों में मालधनचौड़ चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
जुर्म करने के बाद कानून की गिरफ्त से बाहर रहकर मौज करने वाले अपराधियों ने यह नहीं सोचा था कि उन्हें इतनी शीघ्र अपनी करनी का फल भुगतना पड़ेगा, लेकिन यह कटु सत्य है कि हर अपराध का अंत जेल की सलाखों के पीछे ही होता है। सब-इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार की मजबूत मुखबिर व्यवस्था, सटीक योजना और निस्वार्थ कर्तव्यनिष्ठा ने इन जघन्य अपराधों के पर्दाफाश में निर्णायक भूमिका निभाई।
उनका यह समर्पण सिर्फ ड्यूटी नहीं, बल्कि एक जज्बा था—पुलिस की वर्दी में छिपा समाज की सुरक्षा का वादा। आज जब कुमाऊं कमिश्नर ने उन्हें सार्वजनिक मंच पर सम्मानित किया, तो वह पल न केवल उनके व्यक्तिगत सम्मान का था, बल्कि रामनगर पुलिस की सामूहिक बहादुरी, निष्ठा और अपराजेय भावना का जश्न था
गणतंत्र दिवस पर रामनगर कोतवाली के लिए गौरव का क्षण, सब-इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार हुए सम्मानित।
Advertisements
Advertisements