25 फरवरी की कैबिनेट में आएगा बिन्दुखत्ता राजस्व ग्राम प्रस्ताव
मुकेश कुमार
लालकुआं : बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा देने संबंधी प्रस्ताव 25 फरवरी को प्रस्तावित राज्य कैबिनेट बैठक में लाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में मुख्य सचिव आनंद वर्धन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में प्रस्ताव के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट ने कहा की मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्ताव से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर उसे प्रभावी रूप से कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। बैठक में प्रमुख सचिव वन आर के सुधांशु, सचिव वन सी. रविशंकर, एचओएफएफ रंजन कुमार मिश्रा, अपर सचिव राजस्व आनंद श्रीवास्तव, अपर सचिव वन कल्याणी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही लालकुआं विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट, वरिष्ठ नेता कुंदन चुफाल, जगदीश पंत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष नैनीताल प्रकाश आर्या, पूर्व अध्यक्ष युवा मोर्चा मनीष बोरा और पूर्व सैनिक कैप्टन सुंदर सिंह खनका भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने का संकल्प लिया गया है और इसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा, “शुरू हमने किया है, पूरा भी हम ही करेंगे।”