नशा मुक्त देवभूमि मिशन: लालकुआं पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी का किया भंडाफोड़, दो तस्करों से भारी मात्रा में शराब बरामद
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद नैनीताल द्वारा चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2026” के तहत नशे के सौदागरों पर लालकुआं पुलिस का चाबुक चलना शुरू हो गया है। युवाओं को नशे के जाल से बचाने के उद्देश्य से जिले भर में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है।
एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक दीपशिखा अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी कड़ी में हल्दूचौड़ चौकी क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से कुल 194 पाउच कच्ची शराब बरामद की।
पहली कामयाबी पुलिस टीम को हल्दूचौड़ गौला गेट के पास मिली, जहाँ नई बस्ती निवासी 19 वर्षीय साहिल भानु सागर को 94 पाउच कच्ची शराब के साथ दबोच लिया गया। वहीं दूसरी ओर, देवरामपुर गौला गेट तिराहा के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर एक और तस्कर विक्रम सिंह बुगला उर्फ बल्ली मौके से फरार होने में कामयाब रहा, हालांकि पुलिस ने उसके द्वारा छोड़े गए कट्टे से 100 पाउच कच्ची शराब बरामद कर ली है।
पुलिस ने दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत एफआईआर संख्या 24/26 और 25/26 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने स्पष्ट किया है कि फरार अभियुक्त को जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक शंकर नयाल के साथ कांस्टेबल कुवेर राणा, मनीष कुमार और गुरमेज सिंह शामिल रहे
।