रामनगर में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
सलीम अहमद साहिल
देश के पूर्व प्रधानमंत्री और महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर रामनगर कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को शोकसभा का आयोजन किया गया।
पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। नगर अध्यक्ष भुवन शर्मा ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का निधन सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही नहीं, बल्कि पूरे देश और विश्व के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह की ईमानदारी, सादगी और उनकी आर्थिक दृष्टि ने देश को एक नई दिशा दी। उनके द्वारा 1991 में वित्त मंत्री रहते हुए शुरू किए गए आर्थिक सुधारों ने भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूती प्रदान की।
भुवन शर्मा ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का जीवन और उनका सफर एक साधारण परिवार से शुरू होकर भारतीय राजनीति के शीर्ष तक पहुंचने की कहानी है। वे न केवल एक अद्वितीय प्रधानमंत्री थे, बल्कि एक महान अर्थशास्त्री भी, जिन्होंने वित्त मंत्रालय के सचिव, योजना आयोग के उपाध्यक्ष, भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर और प्रधानमंत्री के सलाहकार जैसे अहम पदों पर रहते हुए देश की सेवा की। 2009 में वे लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री बने और उनकी सरकार ने देश को स्थिरता और विकास का मार्ग दिखाया।
शोकसभा के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि डॉ. सिंह का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेगा। उन्होंने राजनीति में विनम्रता और निष्ठा की मिसाल पेश की। कार्यक्रम के दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर अनिल अग्रवाल, भुवन चंद्र पांडेय, ललिता उपाध्याय, महेश पांडेय, धीरज उपाध्याय, पंकज पांडेय, दीपक भट्ट, कुबेर कड़ाकोटी, कमल नेगी, मोइन खान, चांद खान, आफाक हुसैन, अक्षत तिवारी, उमाकांत ध्यानी, महेंद्र प्रताप सिंह बिष्ट, मोहम्मद यूसुफ, आनंद कपकोटी और धीरज सती सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने और उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।