राजभवन घेराव को लेकर कांग्रेस की रणनीतिक बैठक, रणजीत रावत बोले—जनविरोधी नीतियों के खिलाफ होगा निर्णायक संघर्ष।
सलीम अहमद साहिल
रामनगर। आगामी 16 फ़रवरी को प्रदेश कांग्रेस द्वारा प्रदेश की भाजपा सरकार की विफलताओं के विरोध में प्रस्तावित राजभवन घेराव कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार, दिनांक 13 फरवरी 2026 को कांग्रेस कार्यालय रामनगर में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व विधायक माननीय रणजीत रावत ने की। इस दौरान क्षेत्र के सभी सम्मानित कांग्रेस जन, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए रणजीत रावत ने प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनहित के मूल मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं और युवाओं की उपेक्षा जैसे गंभीर विषयों पर सरकार मौन साधे हुए है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 16 फ़रवरी को अधिकतम संख्या में पहुँचकर राजभवन घेराव कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएं और जनभावनाओं की आवाज़ को मजबूती से उठाएं।
बैठक में राजभवन घेराव की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। यात्रा व्यवस्था, जिम्मेदारियों का वितरण, अनुशासन बनाए रखने तथा कार्यक्रम के शांतिपूर्ण संचालन को लेकर विस्तार से रणनीति तय की गई। उपस्थित सभी कांग्रेस जनों ने एकजुटता का परिचय देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।
अंत में कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान तेज करने की अपील की गई, ताकि अधिक से अधिक आमजन को इस आंदोलन से जोड़ा जा सके और प्रदेशहित के मुद्दों पर व्यापक जनसमर्थन जुटाया जा सके।
बैठक में नगर अध्यक्ष भुवन शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष रामनगर देशबंधु रावत, ब्लॉक अध्यक्ष मालधन ओम प्रकाश, जिला उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल खुलासा, ब्लॉक अध्यक्ष मालधन महिला कांग्रेस पुष्पा देवी, गिरधारी लाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य हरदीप सिंह दिप्पा, मो शकील, मोहसिन खान, वीरेंद्र लटवाल, पंकज सुयाल, सुरेन्द्र नेगी, शेर खान, महेन्द्र सिंह रावत, गोपाल रावत, नजाकत अली, उमा कांत ध्यानी, कमल नेगी, मो मुजाहिद, कैलाश त्रिपाठी, अनीश खान, कुबेर कड़ाकोटि, राजीव अग्रवाल, सूर्य प्रताप सिंह, देव बिष्ट आदि मौजूद रहे।