The Great News’ की खबर का बड़ा असर: बेसहारा रवि के परिवार की मदद को आगे आए समाजसेवी, आर्थिक सहायता के साथ थमाया राशन
लालकुआँ The great news ब्यूरो): पत्रकारिता जब समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाती है, तो उसके परिणाम सुखद होते हैं। ऐसा ही कुछ लालकुआँ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत खड्डी मोहल्ला निवासी रवि कुमार के मामले में देखने को मिला। ‘The Great News’ द्वारा रवि और उसके परिवार की दयनीय स्थिति पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित करने के बाद, क्षेत्र के जागरूक समाजसेवियों और नेताओं ने पीड़ित परिवार की सुध लेना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में आज सुबह युवा समाजसेवी शुभम अड़ोला पीड़ित के घर पहुँचे, जहाँ उन्होंने परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए 11 हजार रुपये की नकद सहायता प्रदान की और साथ ही एक महीने का राशन भी उपलब्ध कराया।
मदद का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका; खबर का संज्ञान लेते हुए पूर्व विधायक नवीन चन्द्र दुम्का ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें 15 सौ रुपये की नकद राशि व अन्य घरेलू जरूरी सामान भेंट किया। इसके साथ ही गौसेवक विनोद अग्रवाल ने भी मानवता का परिचय देते हुए परिवार को ठंड से बचाव के लिए बिस्तर और खाद्य सामग्री की मदद पहुँचाई। सभी समाजसेवियों ने परिवार को भरोसा दिलाया है कि भविष्य में भी उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। खबर के इस सकारात्मक प्रभाव के बाद पीड़ित परिवार ने न्यूज़ पोर्टल और सभी मददगारों का आभार व्यक्त किया है।