जवाहरनगर के ग्राम प्रधान मोहन पांडे समर्थकों संग भाजपा में शामिल, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने दिलाई सदस्यता
नगला/पंतनगर क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम जवाहरनगर के ग्राम प्रधान मोहन पांडे ने अपने दर्जनों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने उन्हें भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल कराया और उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है, जो अंत्योदय के सिद्धांत पर काम करते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार पारदर्शिता, सुशासन और विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। भाजपा की नीतियों और सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों से प्रभावित होकर निरंतर लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं, जिससे संगठन को और अधिक मजबूती मिल रही है।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद ग्राम प्रधान मोहन पांडे ने कहा कि वह प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार द्वारा किए जा रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों और गरीब, किसान, युवा व महिलाओं के हित में लागू योजनाओं से अत्यंत प्रभावित हैं। उन्होंने क्षेत्र में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की सक्रियता, विकासपरक सोच और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके हर सुख-दुख में जनता के साथ खड़े रहने की भावना से प्रेरित होकर ही उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के साथ रहकर वह क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
मोहन पांडे के साथ कुंदन अधिकारी, धन सिंह कोरंगा, शंकर जोशी, डॉ. रिंकू शर्मा, प्रकाश बिष्ट, अनिल वर्मा समेत दर्जनों लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष पिंकी डिमरी, नगर पालिका अध्यक्ष सचिन शुक्ला, गोपाल जोशी, सुनील रुहेला, बीवी मिश्रा, मयंक तिवारी, नीरज कुमार, धनुज यादव, अजय कुमार और नीरज कुमार समेत समस्त भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।