“बरेली दौरे में डिप्टी सीएम का डबल अटैक: स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना, अखिलेश पर तीखा प्रहार”
शानू कुमार/ ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली: उत्तर प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने आज बरेली दौरे के दौरान पीर बहौड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं और चिकित्सकों के कार्यों की खुलकर प्रशंसा की।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि यहां तैनात चिकित्सकों ने बेहद सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने प्रदेश भर के सभी डॉक्टरों से अपील करते हुए कहा कि इसी तरह बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखें और मरीजों के साथ संवेदनशील एवं अच्छा व्यवहार करें। स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और मानवता दोनों का संतुलन बेहद जरूरी है।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा का इरादा केवल सत्ता हासिल करना और प्रदेश को लूटना है। चाहे जैसे भी सत्ता मिले, गुंडे, माफिया और असामाजिक तत्वों को संरक्षण देकर राजनीति की जाती है।
ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में अपराधियों को खुली छूट मिली थी, जिससे प्रदेश की कानून व्यवस्था कमजोर हुई। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और जनता को सुरक्षित वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है।
डिप्टी सीएम के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी बयानबाज़ी तेज होने के आसार हैं।