VIP के खुलासे के बाद यशपाल आर्य की बड़ी मांग— “अंकिता केस की हो CBI जांच, पुलिस ने मामले को उलझाया”
लालकुआँ (मुकेश कुमार): उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर सियासी पारा चढ़ गया है। भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी उर्मिला द्वारा सोशल मीडिया पर कथित ‘वीआईपी’ (VIP) के नाम का खुलासा करने के बाद कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लालकुआँ पहुंचे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाते हुए पूरे मामले की CBI जांच की मांग दोहराई है।
“बेटी बचाओ का नारा सिर्फ दिखावा”
अग्निपथ योजना के विरोध कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे यशपाल आर्य ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि उत्तराखंड में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा पूरी तरह खोखला साबित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा गंभीर खतरे में है और सरकार दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
यशपाल आर्य ने पुलिस जांच पर हमला बोलते हुए कहा कि पुलिस ने शुरू से ही मामले को उलझाने का काम किया। उन्होंने कहा, “पुलिस ने वीआईपी के नाम का खुलासा करने के बजाय एक कमरे को वीआईपी बताकर जनता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश की। लेकिन अब पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी उर्मिला सनावर और भाजपा की पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ के बयानों ने साफ कर दिया है कि अपराधियों को सत्ता और पुलिस का संरक्षण मिल रहा है।”
CBI जांच से ही होगा दूध का दूध और पानी का पानी
नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना अब केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे समाज और मातृशक्ति के सम्मान का सवाल बन गया है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की जांच तत्काल सीबीआई (CBI) को सौंपी जानी चाहिए ताकि रसूखदार दोषियों के चेहरे बेनकाब हो सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिल जाता, कांग्रेस अपनी लड़ाई मजबूती से जारी रखेगी।
