यामीन विकट
ठाकुरद्वारा : बुधवार को अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा के जिला उपाध्यक्ष कामरेड वीर सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता रतूपुरा रोड स्थित मंडी समिति पहुंचे तथा कार्यकर्ताओं ने एस एम आई नरेंद्र सिंह तथा अन्य कर्मचारियों का घेराव कर धान खरीद केंद्रों पर लापरवाही का आरोप लगाया। इस दौरान तीखी नोक झोक हुई तथा चारों खरीद केंद्रों पर 25 दिन में 1हज़ार क्विंटल धान खरीद पर चिंता व्यक्त की गई। किसान नेता प्रीतम सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों को वारदाना न होना कहकर टरकाया जाता है।
और पल्लेदारों के अभाव में किसानों को राइस मिलों पर पर सीधे ट्रॉली ले जाने की सलाह दी जाती है जो की न्यायोचित नहीं है। घोर लापरवाही तथा व्याप्त भ्रष्टाचार के बारे में जिला विपणन अधिकारी राजेश्वर सिंह को अवगत कराया गया जिस पर तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करवाने का आश्वासन दिया गया। जिला सचिव कामरेड हर स्वरूप सिंह ने कहा कि सरकारी धान खरीद केंद्रों पर धान खरीद की केवल खाना पूरी की जा रही है खरीद तो केंद्र प्रभारियों के द्वारा समस्त राइस मिलों पर करवाई जा रही है किसानों से पंजीकरण भी राइस मिलों पर जमा करवाए जा रहे हैं। स्पष्ट है कि पहले की तरह राइस मिलो की खरीद भी सरकारी खातों से दर्शायी जाएगी। इस मौके पर मांग की गई कि तहसील ठाकुरद्वारा में समस्त 18 केंद्रों को तत्काल संचालित करवाया जाए। राइस मिलों के द्वारा खरीद को सरकारी खरीद में शामिल न किया जाए। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद को लागू करते हुऐ 2 हज़ार रुपये प्रति क्विंटल के बजाय 2183 में सीधे खरीद करवाई जाए।
सरकारी धान खरीद केंद्रों पर शाम तक ही किसानों के वाहनों को खाली करवाया जाएं। ठाकुरद्वारा मंडी समिति में चारों केंद्रों पर अलग-अलग पल्लेदारों की व्यवस्था की जाए। मंडी समिति में धान खरीद केंद्रों के सामने खड़े सीज वाहनों को तत्काल वहां से हटवाया जाए। यदि मांगों को पूरा नहीं किया गया तो किसान आगामी संपूर्ण समाधान दिवस में अपनी आवाज बुलंद करेंगे। धान खरीद केंद्र किसानों के लिए खोले गए हैं ना कि व्यापारियों के लिए किसान अपने हक को समझते हुए अपना धान खरीद केंद्रो पर बेचे। इस दौरान कामरेड नरेश सिंह, मनोहर सिंह, रवि कुमार, भूपेंद्र सिंह, कपिल कुमार, सुरेंद्र सिंह, आदि मौजूद रहे।