IGRS निस्तारण में बरेली पुलिस नंबर-1, पूरे प्रदेश में पहला स्थान, मार्च 2026 रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र अव्वल, 84 थानों का प्रदर्शन टॉप, डीआईजी अजय साहनी के नेतृत्व में मिली बड़ी सफलता
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली पुलिस ने जनसुनवाई प्रणाली में बड़ा मुकाम हासिल किया है। आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में बरेली परिक्षेत्र मार्च 2026 की रैंकिंग में पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा।
इस उपलब्धि में बरेली के साथ-साथ बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत जिलों का संयुक्त प्रदर्शन शामिल रहा, जिसने पूरे परिक्षेत्र को टॉप पर पहुंचाया। खास बात यह रही कि परिक्षेत्र के सभी 84 थानों का प्रदर्शन भी नंबर-1 रहा, जो पुलिसिंग की जमीनी मजबूती को दर्शाता है।
शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को इस सफलता की मुख्य वजह माना जा रहा है। आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और फीडबैक सिस्टम की बेहतर मॉनिटरिंग के चलते बरेली पुलिस ने यह मुकाम हासिल किया।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व डीआईजी बरेली अजय कुमार साहनी ने किया। उनके बेहतर निर्देशन में परिक्षेत्र के सभी जिलों और थानों में शिकायत निस्तारण को प्राथमिकता दी गई, जिसका सीधा असर रैंकिंग में देखने को मिला। वहीं पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आगे भी इसी तरह जनसुनवाई प्रणाली को और प्रभावी बनाते हुए जनता को बेहतर सेवाएं देने का प्रयास जारी रहेगा।



