डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का निरीक्षण दौरा, अफसरों की खुलेगी फाइल!
शानू कुमार/ ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली: उत्तर प्रदेश की राजनीति का बड़ा केंद्र शनिवार को बरेली बनने जा रहा है। उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य एक दिवसीय दौरे पर जिले में पहुंचेंगे, जहां उनका कार्यक्रम मिनट-टू-मिनट तय है। संगठन की नब्ज टटोलने से लेकर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत देखने तक, पूरा दिन एक्शन मोड में रहेगा।
उपमुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से राजकीय विमान द्वारा रवाना होकर 12:15 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सीधे पीलीभीत बाईपास स्थित स्व. विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल के आवास पहुंचकर स्थानीय नेताओं से संवाद करेंगे।
दोपहर 12:55 बजे सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ हाई-लेवल बैठक होगी। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति और सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। इसी क्रम में जी-रामजी अधिनियम-2025 को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा संदेश भी दिया जाएगा।
इसके बाद जिले की निर्माणाधीन और विकासशील परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अफसरों से सीधी रिपोर्ट ली जाएगी। प्रशासनिक लापरवाही पर सख्ती और काम में तेजी के संकेत पहले से ही साफ नजर आ रहे हैं।
दोपहर 2:20 बजे उपमुख्यमंत्री फरीदपुर तहसील के ग्राम पंचायत लोंगपुर पहुंचेंगे, जहां ग्राम चौपाल और स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम में भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और योजनाओं की हकीकत जानेंगे।
शाम 3:55 बजे उपमुख्यमंत्री बरेली एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। इस दौरे को राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। जिले में हलचल तेज है और हर विभाग अलर्ट मोड पर है।