तथाकथित झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से महिला की मौत का मामला, डिप्टी सीएमओ डॉ अमित कुमार ने यूनिसन हॉस्पिटल किया सील
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बहेड़ी : नगर के बाईपास स्थित यूनिसन हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। डिप्टी सीएमओ डॉ अमित कुमार ने अस्पताल को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरिया रंजीत निवासी गीता (33) पत्नी राजपाल को बच्चेदानी में गांठ की शिकायत थी। परिजन उसे ऑपरेशन के लिए यूनिसन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि समय पर सही इलाज नहीं दिया गया और हालत गंभीर होते ही डॉक्टर अस्पताल छोड़कर फरार हो गया। कुछ ही देर बाद महिला की मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने इलाज करने वाले डॉक्टर को झोलाछाप बताते हुए लापरवाही का आरोप लगाया और सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। डिप्टी सीएमओ डॉ अमित कुमार ने टीम के साथ अस्पताल पहुंचकर जांच की और प्रथम दृष्टया लापरवाही के आरोपों के आधार पर अस्पताल को सील कर दिया। वहीं पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि अस्पताल संचालक और संबंधित डॉक्टर घटना के बाद से फरार हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में रोष है। स्थानीय लोगों ने अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान चलाने की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को लोग सही कदम बता रहे हैं।