खेत जा रहे किसान पर तेंदुए ने किया हमला, 7 घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया शिकारी
यामीन विकट
ठाकुरद्वारा : ग्राम आलमगीरपुर में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब खेत की ओर जा रहे एक किसान पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से घायल किसान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि वन विभाग की टीम ने करीब 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को पिंजरे में कैद किया।
घटना कोतवाली क्षेत्र के आलमगीरपुर गांव की है, जहां 40 वर्षीय किसान सुनील पुत्र हरिवंश खेत की ओर जा रहा था। तभी झाड़ियों में छिपे एक तेंदुए ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया। सुनील के शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़े और लाठी-डंडों से लैस होकर तेंदुए को खदेड़ दिया। जान बचाकर भागा तेंदुआ एक पुलिया (माइनर) में जा छिपा।
ग्राम प्रधान की सूचना पर वन विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। भारी संख्या में जमा ग्रामीणों की मदद से पुलिया में छिपे तेंदुए को घेर लिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन तेंदुए को काबू में करने में विभाग को खासी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार 7 घंटे की कोशिशों के बाद तेंदुए को पिंजरे में कैद किया जा सका।
घायल किसान सुनील को नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को अंदेशा है कि इलाके के जंगलों में तेंदुए की और भी मौजूदगी हो सकती है।
