नहीं रहे सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव
समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सुबह 8:16 बजे अंतिम सांस लीं। उनके बेटे अखिलेश यादव ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। सपा नेता की हालत पिछले कुछ दिनों से गंभीर बनी हुई थी। 22 नवंबर, 1939 को जन्मे मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक थे, जिन्होंने तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में भी कार्य किया।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दुख जताया। पीयूष गोयल ने कहा- नेता जी सबके प्रिय थे, उन्होंने लंबा समय देश के लिए राजनीतिक और सामाजिक दृष्टिकोण से अपना जीवन समर्पित किया। पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा- वह हमारे बीच में नहीं रहे इससे हमें काफी दुख है। मैं अपनी और हरियाणा सरकार की तरफ से उनके लिए भगवान से शांति की प्रार्थना करता हूं।
सपा नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फ़ारुख़ अब्दुल्ला ने कहा- वह बड़े नेता थे जिसे देश को जरूरत थी। वह ज़मीन और लोगों से जुड़े नेता थे। वह संसद में ऐसी बातें बोलते थे जो हुकूमत सुन सकती थी। उन्होंने गरीबों को उठाने और उनकी बदहाली दूर करने के लिए अपनी ज़िंदगी दी।