डिजिटल पुलिसिंग की ओर मजबूत कदम, मीरगंज थाना में ई-मालखाना प्रणाली लागू, थाना मीरगंज में लॉन्च हुआ ई-मालखाना सॉफ्टवेयर
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली: थाना मीरगंज में ई-मालखाना सॉफ्टवेयर का सफलतापूर्वक अनावरण किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा ने इसकी औपचारिक शुरुआत करते हुए इसे पुलिस विभाग के लिए एक अहम तकनीकी उपलब्धि बताया।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा ने कहा कि ई-मालखाना सॉफ्टवेयर के माध्यम से जब्त माल, केस प्रॉपर्टी और अन्य अभिलेखों का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी बल्कि कार्यप्रणाली भी तेज और अधिक व्यवस्थित होगी। उन्होंने बताया कि अब मालखाने से जुड़ी सभी जानकारियां ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगी, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही की संभावना कम होगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह पहल उत्तर प्रदेश पुलिस के डिजिटलीकरण अभियान को और मजबूती प्रदान करेगी। ई-मालखाना प्रणाली से रिकॉर्ड अपडेट करना आसान होगा और समय की बचत के साथ-साथ मानव त्रुटियों में भी कमी आएगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सॉफ्टवेयर की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई और इसके उपयोग का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया। सभी अधिकारियों ने इस नई व्यवस्था का स्वागत करते हुए इसे पुलिस व्यवस्था के लिए मील का पत्थर बताया।
ई-मालखाना सॉफ्टवेयर के लागू होने से थाना स्तर पर कामकाज और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और आधुनिक बनने की उम्मीद है।




