कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाली गई वाल्मीकि शोभायात्रा
यामीन विकट
ठाकुरद्वारा : तहसील क्षेत्र के निकटवर्ती गांव फरीदनगर और खैरुल्लापुर में वाल्मीकि जयंती का त्योहार हर्षोल्लास से मनाते हुए शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
गुरुवार को क्षेत्र के निकटवर्ती गांव फरीदनगर में वाल्मीकि बस्ती में वाल्मीकि अवतरण दिवस का पर्व मनाते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शोभा यात्रा निकाली गई।
फरीदनगर में वाल्मीकि बस्ती में भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के राष्ट्रीय मुख्य संचालक राकेश दानव और सुभाष चौधरी की देखरेख में वाल्मीकि शोभा यात्रा का शुभारंभ हुआ।
इससे पूर्व यहां ए एस पी अमरेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक विवेक शर्मा, उप निरीक्षक अर्चना तोमर और अंजलि रानी को पगड़ी बांधकर सम्मानित किया गया। उसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच फरीदनगर के मुख्य मार्गो से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान वाल्मीकि की प्रतिमा, लव कुश और उनका घोड़ा और शिव पार्वती नृत्य की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
इंसेट एसपी देहात ने किया फ्लेग मार्च
ठाकुरद्वारा : निकटवर्ती गांव फरीदनगर में शोभा यात्रा के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश, ए एस पी अमरेंद्र सिंह की देखरेख में पैदल फ्लैग मार्च फरीदनगर के मुख्य मार्गो से किया गया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।