केदारनाथ के लिए हेली सेवाओं पर नई व्यवस्था लागू, अब हर घंटे सिर्फ 9 उड़ानें
देहरादून : केदारनाथ यात्रा पर हेली सेवाओं को लेकर अब डीसीसीए (उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण) ने सख्ती दिखा दी है। तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा और घाटी में बढ़ते हवाई दबाव को देखते हुए प्रशासन ने हेली सेवाओं का नया रोस्टर लागू कर दिया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
नए रोस्टर के मुताबिक, केदारनाथ धाम के लिए अब हर घंटे सिर्फ 9 शटल उड़ानों की अनुमति दी जाएगी। जबकि अभी तक प्रति घंटे 25 से 30 शटल उड़ानों का संचालन हो रहा था, जो सुरक्षा मानकों और पर्यावरणीय संतुलन के लिहाज से खतरनाक माना जा रहा था।
इतना ही नहीं, अब हेली यात्रियों की संख्या भी सीमित कर दी गई है। एक उड़ान में अधिकतम तीन से चार यात्री ही यात्रा कर सकेंगे, ताकि वजन का संतुलन बना रहे और उड़ानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उल्लेखनीय है कि केदारघाटी में बीते वर्षों में हेली सेवाओं के दौरान नियमों की अनदेखी के कई मामले सामने आ चुके हैं। कभी तय वजन से अधिक यात्रियों को बैठाने की शिकायतें तो कभी उड़ानों की संख्या पर नियंत्रण न होने की बातें सामने आई हैं।
अब प्रशासन द्वारा लागू किया गया यह नया रोस्टर न केवल घाटी की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देगा।
डीसीसीए ने सभी हेली कंपनियों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि वे नए दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। उल्लंघन की स्थिति में लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी भी दी गई है।
केदारनाथ की पवित्र यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में यह निर्णय एक अहम कदम माना जा रहा है।