Advertisements
काशीपुर में मौत को दावत दे रहा ‘न्यू करीम रेस्टोरेंट’, सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाकर परोसा जा रहा खाना
अजहर मलिक
काशीपुर : शहर के मुख्य मार्ग रामनगर रोड पर स्टेडियम के पास स्थित ‘न्यू करीम रेस्टोरेंट’ इन दिनों न केवल सरकारी नियमों को ठेंगा दिखा रहा है, बल्कि यहाँ आने वाले ग्राहकों की जान से भी खिलवाड़ किया जा रहा है। पत्रकारिता की पड़ताल में इस रेस्टोरेंट के भीतर और बाहर ऐसी खामियां पाई गई हैं, जो किसी भी वक्त बड़े हादसे को न्योता दे सकती हैं।
रेस्टोरेंट के नक्शे और सुरक्षा नियमों के अनुसार, किसी भी व्यावसायिक संस्थान में निकासी मार्ग (Exit) पूरी तरह खुला और सुरक्षित होना चाहिए। लेकिन न्यू करीम रेस्टोरेंट में स्थिति इसके उलट है। रेस्टोरेंट के आने-जाने वाले एकमात्र मुख्य रास्ते पर ही ‘ओपन किचन’ (खुली रसोई) बना दी गई है। अगर किचन में गैस लीकेज या शॉर्ट सर्किट से आग लगती है, तो अंदर बैठे ग्राहकों के पास बाहर निकलने का कोई दूसरा रास्ता नहीं है। यह सीधे तौर पर फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन है और प्रशासन की आंखों में धूल झोंकने जैसा है।
साफ पानी की व्यवस्था नदारद, ग्राहकों की जेब पर डाका
रेस्टोरेंट में ग्राहकों के लिए ‘एक्वागार्ड’ या शुद्ध पेयजल की कोई मुफ्त व्यवस्था नहीं मिली। इसके बजाय ग्राहकों को जबरन ‘बिसलेरी’ जैसी ब्रांडेड पानी की बोतलें बेची जा रही हैं। नियमों के मुताबिक, हर रेस्टोरेंट को अपने ग्राहकों को साफ पानी उपलब्ध कराना अनिवार्य है, लेकिन यहाँ व्यापारिक लाभ के लिए ग्राहकों को पैसे खर्च करने पर मजबूर किया जा रहा है। साथ ही, पानी पिलाने के लिए डिस्पोजल गत्ते वाले गिलासों का प्रयोग किया जा रहा है, जो स्वास्थ्य मानकों पर खरे नहीं उतरते।
एक तरफ सरकार डिजिटल इंडिया और पारदर्शिता की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर स्टेडियम रोड का यह रेस्टोरेंट ग्राहकों को खाने का पक्का बिल देने से कतरा रहा है। बिना पक्के बिल के लेन-देन न केवल ग्राहक के अधिकारों का हनन है, बल्कि यह सीधे तौर पर टैक्स चोरी की ओर भी इशारा करता है। विभाग को यह जांचने की ज़रूरत है कि क्या यह संस्थान नियमानुसार टैक्स जमा कर रहा है या नहीं।
फुटपाथ और दुकान के बाहर खुली सड़क पर किचन का संचालन करना न केवल ट्रैफिक नियमों के खिलाफ है, बल्कि धूल और धुएं के बीच बनता खाना लोगों की सेहत बिगाड़ रहा है। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) के कड़े निर्देशों के बावजूद, सरेआम सड़क पर चूल्हे धधक रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि काशीपुर प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग इस रेस्टोरेंट पर क्या कार्रवाई करता है, या फिर किसी बड़े हादसे का इंतज़ार किया जा रहा है।
Advertisements



