लालकुआं में भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार महिला-पुरुष को रौंदा, दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत
लालकुआं (The Great News): उत्तराखंड के लालकुआं से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आ रही है। शुक्रवार को नगर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार एक महिला और पुरुष को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों स्कूटी सवार लालकुआं से वीआईपी गेट की ओर जा रहे थे। तभी ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में पीछे से आ रहे एक अज्ञात भारी वाहन ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन की रफ्तार बहुत तेज थी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर गए और भारी वाहन के टायरों के नीचे आ गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना किया।
हादसे का शिकार हुए मृतक पुरुष के पहनावे से कई कयास लगाए जा रहे हैं। मृतक के सिर पर सेंचुरी पेपर मिल का हेलमेट था और उसने पैरों में सेफ्टी शूज पहने हुए थे। इससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि मृतक किसी औद्योगिक इकाई में कार्यरत था। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक दोनों मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के औद्योगिक संस्थानों और स्थानीय लोगों के जरिए शिनाख्त की कोशिश कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस प्रशासन ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, मौके से फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर लालकुआं की सड़कों पर दौड़ते “यमदूत” रूपी तेज रफ्तार वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था
की पोल खोल दी है।