फरीदपुर CHC में ‘यू-टर्न’! डॉ. अनुराग गौतम का तबादला निरस्त- सूत्र, डॉ. शुचिता गंगवार फिलहाल यथावत, डिप्टी CM समीक्षा बैठक के बाद हुई कार्रवाई पर अब नया मोड़, कुछ दिन पहले सीएमओ ने किया था तबादला, अब हुआ निरस्त
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली : फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को लेकर पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग में जिस प्रशासनिक हलचल ने जोर पकड़ा था, अब उस मामले में बड़ा यू-टर्न सामने आया है। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, डॉ. अनुराग गौतम को फरीदपुर CHC से हटाए जाने से संबंधित जो आदेश जारी हुआ था, उसे अब निरस्त कर दिया गया है। इसके साथ ही डॉ. शुचिता गंगवार फिलहाल अपने वर्तमान पद पर ही बनी रहेंगी।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में डिप्टी CM की समीक्षा बैठक के बाद स्वास्थ्य विभाग में अचानक तेज हुए प्रशासनिक मूवमेंट के बीच फरीदपुर CHC से जुड़ा यह मामला चर्चा में आया था। उस समय इसे विभागीय सख्ती और जवाबदेही से जोड़कर देखा जा रहा था। इसके बाद डॉ. अनुराग गौतम को हटाए जाने की खबर ने स्वास्थ्य महकमे में काफी हलचल पैदा कर दी थी।
हालांकि अब अचानक तबादला आदेश निरस्त होने की सूचना सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। विभागीय गलियारों में इस फैसले के पीछे अलग-अलग कारणों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। कुछ लोग इसे प्रशासनिक पुनर्विचार बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे अंदरूनी समन्वय और समीक्षा के बाद लिया गया फैसला मान रहे हैं।
बताया जा रहा है कि आदेश निरस्त होने के बाद फिलहाल फरीदपुर CHC की मौजूदा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। डॉ. शुचिता गंगवार पूर्ववत कार्यभार संभालती रहेंगी, जबकि डॉ. अनुराग गौतम से जुड़ा पूर्व आदेश प्रभावहीन माना जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से इस पूरे मामले पर अभी तक कोई औपचारिक सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन विभाग के भीतर इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं लगातार जारी हैं। खास बात यह भी मानी जा रही है कि जिस कार्रवाई को शुरुआत में “एक्शन मोड” के तौर पर देखा जा रहा था, उसी पर अब पीछे हटने जैसे संकेतों ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में स्वास्थ्य विभाग इस मामले में कोई नया प्रशासनिक आदेश जारी करता है या मौजूदा स्थिति को ही बरकरार रखा जाता है।



