रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जवानों के साथ मनाया दशहरा, बद्री विशाल में टेका मत्था
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहे। जहां उन्होंने विजयदशमी पर्व के मौके पर चमोली के औली स्थित सेना के कैंप में शस्त्रों की पूजा की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जवानों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं भी दी। इसके बाद राजनाथ सिंह ने बद्रीनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करते हुए देश की सुख समृद्धि और सफलता की कामना की। बता दें कि रक्षा मंत्री सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से सुबह 8 बजे औली पहुंचे। औली पहुंचने पर राजनाथ सिंह ने सेना के जवानों के साथ मुलाकात कर उन्हें विजयदशमी पर्व की बधाई दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हमें विश्वास है कि हमारा देश हमारे सशस्त्र बलों के हाथों में सुरक्षित है और हमारे सशस्त्र बल और अर्धसैनिक बलों के जवान हमारे देश के गौरव है। उन्होंने कहा कि भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां हथियारों की पूजा की जाती है। उधर औली मिलिट्री स्टेशन देशभक्ति गीत ऐ वतन तेरे लिए की आवाज से गूंज उठा।इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बद्रीनाथ धाम के पास माणा में सैनिकों से मुलाकात की।