न्याय के मंदिर में ‘रिश्वत का खेल’: बाजपुर कोर्ट का उप-नाजरात रंगे हाथों गिरफ्तार, वकीलों का भारी हंगामा
अज़हर मलिक
बाजपुर (ऊधम सिंह नगर): जहां समाज का हर तबका न्याय की आखिरी उम्मीद और इंसाफ की आस लेकर पहुंचता है, जिसे आम जनता भगवान का द्वार मानती है, आज उसी न्याय के मंदिर की बुनियाद को भ्रष्टाचार की दीमक खोखला करती नजर आई। जनपद ऊधम सिंह नगर के बाजपुर से एक बेहद संवेदनशील और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरी कानून व्यवस्था और भ्रष्ट तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यहाँ बाजपुर कोर्ट में तैनात उप-नाजरात (Deputy Nazarat) को विजिलेंस (सतर्कता विभाग) की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। न्याय के परिसर में हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद अदालत परिसर में हड़कंप मच गया। इस घटना से आक्रोशित वकीलों ने कोर्ट परिसर में जमकर हंगामा काटा और विजिलेंस की टीम पर उप-नाजरात को गलत तरीके से फंसाने व साजिश रचने का सीधा आरोप लगाया। न्याय के इस सर्वोच्च द्वार पर, जहाँ आम आदमी के भरोसे की रक्षा होनी चाहिए, वहाँ इस तरह रिश्वतखोरी की तस्वीर सामने आना जनता के अटूट विश्वास और उम्मीदों को चकनाचूर करने के लिए काफी है। फिलहाल इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव और चर्चाओं का माहौल गर्म है।



