शिव-हनुमान मंदिर पर एस डी एम ने दीप प्रज्वलित कर किया रामायण का प्रारंभ
यामीन विकट
ठाकुरद्वारा : बुधवार को प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार नगर के तहसील परिसर स्थित शिव हनुमान मंदिर पर विधि विधान के साथ रामायण का प्रारंभ किया गया। रामायण प्रारंभ से पूर्व उप जिलाधिकारी अजय कुमार गौतम ने दीप प्रज्वलित किया।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश की योगी सरकार द्वारा इस बार नवरात्रों के पावन पर्व पर प्रदेश के तहसील, ब्लॉक एवं जनपद के कुछ प्रमुख मंदिरों पर हर्षोल्लास के साथ नवरात्र का पर्व मनाये जाने को लेकर आदेश जारी किए गए हैं। इसके लिए सरकार द्वारा कुछ आर्थिक मदद भी की जा रही है। इसी योजना के तहत नगर के प्रसिद्ध तहसील स्थित शिव- हनुमान मंदिर पर बुधवार को अखंड रामायण का शुभारंभ उप जिलाधिकारी अजय कुमार गौतम के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ महेंद्र सिंह, श्री संजीव अग्रवाल (माया वस्त्र भंडार वाले),एड अशोक गहलोत, मंदिर कमेटी के प्रबंधक, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह चौहान के अतिरिक्त ब्लाक प्रमुख पति डॉ वीर सिंह सैनी, अनुराग सिंघल, अधिवक्ता मनोज कुमार पाल, अधिवक्ता रणवीर सिंह, मुदित अग्रवाल, कमलेश कुमार सहित दर्जनों भक्त गणों ने भाग लिया। दूसरी तरफ 30 मार्च 2023 दिन गुरुवार को रामायण पाठ के समापन के बाद बरेली के प्रसिद्ध गायक जोड़ी राम एंड श्याम द्वारा इसी मंदिर पर दिन में 3 बजे से शाम 7 बजे तक माता की चौकी का आयोजन किया जा रहा है जिसका प्रारंभ उप जिलाधिकारी अजय कुमार गौतम ही करेंगे। उक्त जानकारी मंदिर कमेटी के कार्यकारिणी सदस्य अनुराग सिंघल ने दी।