कपूरथला मेले में बड़ा हादसा टला: हवा में अचानक रुका हिंडोला झूला, एक घंटे तक फंसे रहे लोग
Kapurthala News: पंजाब के कपूरथला जिले के बेगोवाल क्षेत्र में चल रहे एक मेले में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बड़ा हिंडोला झूला अचानक हवा में ही रुक गया। इस दौरान झूले में बैठे लोग करीब एक घंटे तक हवा में फंसे रहे, जिससे मौके पर दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, संत बाबा प्रेम सिंह जी की सालाना बरसी के उपलक्ष्य में बेगोवाल में इस मेले का आयोजन किया गया है। मेले में बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए कई झूले लगाए गए हैं। देर रात रोज़ाना की तरह चल रहा बड़ा हिंडोला अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच हवा में ही रुक गया।
झूला रुकते ही उसमें बैठे लोगों में घबराहट फैल गई, जबकि नीचे मौजूद परिजन और दर्शक भी परेशान हो गए। घटना के बाद मेले में भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही झूला संचालकों ने तकनीकी खराबी को ठीक करने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद खराबी दूर की गई और झूले में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
हालांकि, इस घटना के बाद मेले में आए लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मेले में लगे सभी झूलों और उपकरणों की सुरक्षा जांच सख्ती से की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
यह घटना मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।



