दून पुलिस को बार-बार टाल रहा गायक मासूम शर्मा, बयान दर्ज कराने में कर रहा आनाकानी
देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में फेस्ट के दौरान मंच से अभद्र भाषा और गाली देने के मामले में फंसे हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दून पुलिस लगातार उसे बयान दर्ज कराने के लिए बुला रही है, लेकिन वह अब तक देहरादून पहुंचने से बचता नजर आ रहा है। पुलिस अब उसे दोबारा रिमाइंडर नोटिस भेजने की तैयारी कर रही है।
दरअसल, डालनवाला थाने में मासूम शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप है कि कॉलेज कार्यक्रम के दौरान उसने मंच से अभद्र व्यवहार किया और गालियां दीं, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। इस घटना के बाद देहरादून समेत कई जगहों पर लोगों ने नाराजगी जताई थी।
मामले की जांच आगे बढ़ाने के लिए पुलिस ने मासूम शर्मा को बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया था। पहले उसकी ओर से उसके भाई ने पुलिस से संपर्क कर व्यस्तता का हवाला दिया और 28 अप्रैल के बाद दून आने का भरोसा दिलाया। इसके बाद फिर 10 दिन की अतिरिक्त मोहलत मांगी गई, लेकिन तय समय गुजरने के बाद भी मासूम शर्मा बयान देने नहीं पहुंचा।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि जांच के लिए आरोपी का पक्ष जानना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मासूम शर्मा को दोबारा नोटिस भेजा जाएगा और इसके बाद भी सहयोग नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर इस पूरे मामले को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई है। कई लोगों ने कॉलेज मंच पर हुई घटना को युवाओं के बीच गलत संदेश देने वाला बताया था, जबकि देहरादून में भी इस घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला था।



