परिवहन विभाग का महा-एक्शन: नौनिहालों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले स्कूल वाहनों पर चला एआरटीओ संदीप वर्मा का ‘हंटर’, काशीपुर-बाजपुर-जसपुर में मचा हड़कंप!
काशीपुर, बाजपुर और जसपुर क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एआरटीओ प्रवर्तन संदीप वर्मा ने अपनी टीम के साथ सड़क पर उतरकर मौत के सौदागर बने स्कूली वाहनों के खिलाफ एक निर्णायक और बेहद आक्रामक अभियान छेड़ दिया। नौनिहालों की सुरक्षित यात्रा और उनके जीवन को सुरक्षित करने के संकल्प के साथ शुरू हुए इस महा-अभियान में एआरटीओ संदीप वर्मा के नेतृत्व में परिवहन विभाग ने मानकों को ठेंगा दिखाने वाले 155 वाहनों के चालान काटते हुए 27 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया। एआरटीओ वर्मा की इस पैनी नजर और सख्त रुख ने उन स्कूलों और वाहन स्वामियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया जो बिना फिटनेस, बिना सीसीटीवी, बिना स्पीड गवर्नर और ओवरलोडिंग के जरिए बच्चों की जिंदगी को खतरे में डाल रहे थे। संदीप वर्मा ने स्पष्ट संदेश दिया कि मासूमों की सुरक्षा से समझौता करने वाला कोई भी व्यक्ति कानून के हाथ से बच नहीं पाएगा; उनकी इस कार्रवाई को जनता द्वारा नौनिहालों के जीवन रक्षक कदम के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि उन्होंने सड़क पर दौड़ते उन अनफिट वाहनों पर लगाम लगाई है जो किसी भी वक्त बड़े हादसे का सबब बन सकते थे। इस दौरान एआरटीओ ने न केवल दंडात्मक कार्रवाई की, बल्कि चालकों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराते हुए सख्त हिदायत भी दी कि नियमों का उल्लंघन सीधे जेल की राह दिखाएगा। इस साहसिक और चौतरफा अभियान में टीटीओ जगदीश चंद्र, नंदन आर्य, सचिन कुमार और अनिल कुमार जैसे जांबाज अधिकारियों ने कंधे से कंधा मिलाकर अवैध परिवहन के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया, जिससे पूरे जनपद के निजी स्कूल संचालकों में खलबली मची हुई है। एआरटीओ संदीप वर्मा की इस मुस्तैदी ने साबित कर दिया है कि शासन और प्रशासन बच्चों के भविष्य और उनकी सलामती के लिए किसी भी हद तक सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।




