UP Panchayat News: कल खत्म होगा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल, 27 मई से गांवों में लागू होगी नई व्यवस्था

UP Panchayat News: कल खत्म होगा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल, 27 मई से गांवों में लागू होगी नई व्यवस्था
Advertisements

UP Panchayat News: कल खत्म होगा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल, 27 मई से गांवों में लागू होगी नई व्यवस्था

UP News: उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत राज व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायतों का कार्यकाल मंगलवार 26 मई की शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा। इसके साथ ही गांव की सरकार का मौजूदा स्वरूप बदल जाएगा। अब सबकी निगाहें शासन के उस फैसले पर टिकी हैं, जिसमें यह तय होगा कि ग्राम पंचायतों का संचालन आगे किस व्यवस्था के तहत किया जाएगा।

विभागीय सूत्रों के अनुसार शासन स्तर पर फिलहाल तीन प्रमुख विकल्पों पर विचार चल रहा है। माना जा रहा है कि सोमवार को इस संबंध में बड़ा फैसला लिया जा सकता है। पहला विकल्प यह है कि मौजूदा ग्राम प्रधानों की अध्यक्षता में तीन या छह सदस्यीय समिति गठित कर पंचायत संचालन की जिम्मेदारी दी जाए। दूसरा विकल्प एडीओ (पंचायत) को प्रशासक बनाकर पंचायतों का संचालन कराने का है। वहीं तीसरे प्रस्ताव में पंचायत सचिव, पंचायत सहायक और ग्राम प्रधान को शामिल करते हुए एक संयुक्त समिति बनाने पर विचार किया जा रहा है।

सूत्रों का कहना है कि सरकार राजस्थान मॉडल को भी अपना सकती है। इस मॉडल में ग्राम प्रधानों की अध्यक्षता वाली समिति पंचायतों का संचालन करती है, हालांकि वित्तीय अधिकार प्रशासनिक अधिकारियों के पास रहते हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू होने की संभावना जताई जा रही है।

Advertisements

ग्राम प्रधानों की ओर से कार्यकाल बढ़ाने की मांग लगातार उठती रही है। अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संगठन ने हाल ही में लखनऊ में धरना प्रदर्शन कर सरकार से या तो कार्यकाल बढ़ाने या फिर प्रधानों की अध्यक्षता वाली समिति को पंचायत संचालन का अधिकार देने की मांग की थी।

इधर, पंचायतों में विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने की होड़ भी मची हुई है। मुरादाबाद जिले की 643 ग्राम पंचायतों में 15वें वित्त आयोग और पांचवें वित्त आयोग की बची हुई करीब आठ करोड़ रुपये की धनराशि से विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने की कोशिशें तेज हो गई हैं। अधिकारी और प्रधान दोनों विकास कार्यों का ग्राफ बढ़ाने में जुटे हुए हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2021 में ग्राम पंचायत चुनाव अप्रैल महीने में चार चरणों में कराए गए थे और दो मई को परिणाम घोषित हुए थे। इसके बाद 25 और 26 मई को ग्राम पंचायतों की पहली बैठक आयोजित की गई थी। इसी आधार पर पंचायतों का पांच वर्षीय कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो रहा है।

मुरादाबाद मंडल की कुल 3692 ग्राम पंचायतों में मुरादाबाद की 643, अमरोहा की 576, संभल की 670, रामपुर की 680 और बिजनौर की 1123 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इन सभी पंचायतों में 27 मई से नई प्रशासनिक व्यवस्था लागू हो जाएगी। अकेले मुरादाबाद जिले में 643 ग्राम प्रधानों में से 335 महिला प्रधान हैं।

अब देखना होगा कि सरकार गांव की सत्ता व्यवस्था को लेकर कौन सा मॉडल अपनाती है और पंचायत संचालन की नई तस्वीर कैसी होगी।

Advertisements
THE GREAT NEWS

THE GREAT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *