झूम बराबर झूम: लालकुआँ में शराबियों के ‘हाईवोल्टेज ड्रामे’ पर चली पुलिस की कानूनी कलम
मुकेश कुमार
लालकुआँ। कोतवाली चौराहे के पास स्थित होली ग्राउंड उस समय तमाशबीन बन गया, जब शराब के नशे में धुत दो हुड़दंगियों ने बीच सड़क पर जमकर हंगामा काटना शुरू कर दिया। काफी देर तक चले इस ‘हाईवोल्टेज ड्रामे’ का अंत तब हुआ जब पुलिस ने मौके पर पहुँचकर दोनों को दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, लालकुआँ कोतवाली चौराहे के पास स्थित होली ग्राउंड के पास दो लोग शराब के नशे में चूर होकर राहगीरों के साथ बदतमीजी और शोर-शराबा कर रहे थे। नशे में धुत इन शराबियों का हुड़दंग इतना बढ़ गया कि सड़क पर आने-जाने वाले लोगों की भीड़ जमा हो गई। शराबी न केवल चिल्ला रहे थे, बल्कि बीच सड़क पर खड़े होकर यातायात और शांति व्यवस्था को भी भंग कर रहे थे।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद लालकुआँ पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर हुड़दंग मचा रहे दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। काफी देर तक पुलिस से भी उलझने की कोशिश करने वाले इन शराबियों को आखिरकार हवालात की हवा खानी पड़ी।
पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशा कर शांति भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील: “सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर उत्पात मचाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। शहर की शांति व्यवस्था को बिगाड़ने की अनुमति किसी को नहीं है।”



