अवैध खनन पर तराई पश्चिमी वन प्रभाग की बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित क्षेत्र से उप-खनिज लदा डम्पर सीज
सलीम अहमद साहिल
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी, रामनगर के कुशल निर्देशन तथा वन क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने बंजारी द्वितीय गेट के समीप प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुस्तैद वन सुरक्षा बल और रामनगर रेंज स्टाफ की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित क्षेत्र से अवैध उप-खनिज (आरबीएम) का परिवहन करते हुए एक दस टायरा डम्पर (वाहन संख्या: यूके 18सी ए/5558) को रंगे हाथों दबोच लिया।
विभाग की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई के बाद जब्त किए गए वाहन को विधिक कार्यवाही के लिए गुलजारपुर वन परिसर (चौकी) में सुरक्षित खड़ा कर वन अभिरक्षा में ले लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई को धरातल पर अत्यंत सटीकता और बहादुरी से अमलीजामा पहनाने में वन क्षेत्राधिकारी डी.एन. सुनाल, उपराजिक जगदीश पाण्डे, वन दरोगा प्रमोद कुमार पन्त, वन आरक्षी तेजपाल, वाहन चालक आमिर व अजय रावत तथा वाचर विक्रम कुटलाकोटी ने अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका निभाई। इसके साथ ही, क्षेत्र में वन संपदा की सुरक्षा और पारिस्थितिकी संतुलन को बनाए रखने के लिए लगातार प्रतिबद्धता दिखा रहे प्रकाश चंद्र आर्य का इस पूरी मुहिम में विशेष और अनुकरणीय योगदान रहा, जिनकी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और सजगता के कारण ही वन माफियाओं के हौसले पस्त हो रहे हैं। वन विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध खननकर्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है और अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में भी प्रतिबंधित क्षेत्रों में ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोरतम विधिक कदम उठाए जाते रहेंगे।




