लकड़ी तस्करों के सिंडिकेट पर वन विभाग का कानूनी हंटर। सड़कों पर बिछे जाल में फंसा 80 कुंतल अवैध खैर से लदा कैंटर।

Advertisements

लकड़ी तस्करों के सिंडिकेट पर वन विभाग का कानूनी हंटर। सड़कों पर बिछे जाल में फंसा 80 कुंतल अवैध खैर से लदा कैंटर।

             अज़हर मालिक / सलीम अहमद साहिल 

 

Advertisements

जंगलों में बेशकीमती खैर के पेड़ों पर आरी चलाकर मोटी कमाई के हसीन सपने देखने वाले लकड़ी तस्करों के लिए अब अवैध कारोबार की राह आसान नहीं रह गई है। तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर में लकड़ी तस्करों के खिलाफ वन विभाग का कानूनी शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। जंगलों से खैर की लकड़ी काटकर अवैध रूप से बाहर निकालने वाले तस्करों पर कार्रवाई तो हो ही रही है, वहीं दूसरी डिवीजनों और रेंजों से अवैध खैर की लकड़ी भरकर सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों पर भी बन्नाखेड़ा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर कपिल की पैनी नजर बनी हुई है। तस्करों की सबसे बड़ी गलतफहमी यही होती है कि जंगल से लकड़ी काटकर वाहन में लादने और सड़क पर उतरने के बाद वे वन विभाग की निगरानी से बाहर निकल आए हैं, लेकिन उन्हें शायद इस बात का अंदाजा नहीं कि वन विभाग की रणनीतिक घेराबंदी से बच निकलना इतना आसान नहीं है। प्रभागीय वनाधिकारी पुनीत तोमर के दिशा-निर्देशों, उप प्रभागीय वनाधिकारी किरण शाह की सटीक रणनीति और वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर कपिल के नेतृत्व में तैयार की गई कार्ययोजना के किले को भेदना इतना आसान नहीं है तस्करों के सिण्डिकेट को लगातार तोड़ने का काम किया जा रहा है। सड़कों पर बिछाए गए निगरानी के जाल में जैसे ही अवैध लकड़ी से लदे वाहन फंसते हैं, वैसे ही शुरू होता है वन विभाग के कानूनी शिकंजे का कहर जिसकी कार्रवाई तस्करों के हौसलों को पस्त करने के साथ उनके अवैध कारोबार पर भी सीधा प्रहार कर रही है।

इसी रणनीति और मुस्तैदी का एक और बड़ा नजारा 13 नवंबर 2026 की रात्रि को देखने को मिला, जब बन्नाखेड़ा रेंज की टीम ने बाजपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर अवैध खैर की लकड़ी का परिवहन कर रहे एक अशोका लीलैंड कैंटर को दबोच लिया। जानकारी के अनुसार, पुनीत तोमर, प्रभागीय वनाधिकारी तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर एवं किरण शाह, उप प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर के सख्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में नवल किशोर कपिल, वन क्षेत्राधिकारी बन्नाखेड़ा रेंज के निर्देशन में उप वन क्षेत्राधिकारी दीवान सिंह रौतेला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने सतर्क निगरानी और मुस्तैदी के साथ बाजपुर क्षेत्र में वाहन संख्या UP 25 BT 8104 को रोककर उसकी जांच की तो उसमें लगभग 80 कुंतल अवैध खैर प्रकाष्ठ बरामद हुआ। वन विभाग की टीम ने वाहन और बरामद लकड़ी को कब्जे में लेकर बन्नाखेड़ा रेंज कार्यालय में सीज कर सुरक्षित खड़ा कर दिया। मामले में अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई महज एक वाहन पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन तस्करों के लिए भी कड़ा संदेश है जो यह समझते हैं कि दूसरे क्षेत्रों से अवैध लकड़ी लाकर सड़कों के रास्ते आसानी से अपने ठिकानों तक पहुंचा देंगे।

इस पूरी कार्रवाई में उप वन क्षेत्राधिकारी दीवान सिंह रौतेला, उपराजिक सुरेश चन्द्र तिवाड़ी, वन आरक्षी चमनलाल, दीपक नेगी, मोहित काम्बोज, ज्ञान सिंह, कार्यालय सहायक युवराज सिंह, वाहन चालक किशन सिंह तथा दैनिक श्रमिक प्रीतम सिंह, संदीप सिंह, विपिन और कृष्णा की अहम भूमिका रही। वन विभाग की इस मुस्तैदी ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि अवैध लकड़ी के कारोबार में लिप्त लोगों के लिए अब रास्ते आसान नहीं रहने वाले। जंगलों से लेकर सड़कों तक निगरानी का शिकंजा कसने और लगातार हो रही कानूनी कार्रवाई से लकड़ी तस्करों के नेटवर्क पर दबाव बढ़ना तय है। सवाल सिर्फ 80 कुंतल खैर की लकड़ी पकड़े जाने का नहीं, बल्कि उस पूरी तस्करी की कड़ी तक पहुंचने का है, जिसके जरिए बेशकीमती वन संपदा को अवैध मुनाफे का जरिया बनाया जा रहा है।

Advertisements
THE GREAT NEWS

THE GREAT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Translate »