15 नवम्बर से खुलेंगा कॉबेट का विश्व प्रसिद्ध ढिकाला जोन, लेकिन इस बार कॉबेट प्रशासन के स्वागत द्वार पर ग्रामीणों के विरोध का साया।

Advertisements

15 नवम्बर से खुलेंगा कॉबेट का विश्व प्रसिद्ध ढिकाला जोन, लेकिन इस बार कॉबेट प्रशासन के स्वागत द्वार पर ग्रामीणों के विरोध का साया।

                    सलीम अहमद साहिल 

 

Advertisements

कॉबेट नेशनल पार्क के ढीकला जोन खुलने से देश-विदेश के वन्यजीव प्रेमियों और सैलानियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क का दिल कहे जाने वाला ढिकाला जोन 15 नवंबर 2026 से पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। बरसात के मौसम में 15 जून से बंद रहने वाले इस जोन में एक बार फिर बाघों की दहाड़, हाथियों की चहलकदमी, हिरणों के झुंड और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत नजारा पर्यटकों को रोमांचित करने के लिए तैयार है। ढिकाला के घने जंगल, विशाल घास के मैदान और रामगंगा जलाशय का मनोरम दृश्य देशी-विदेशी सैलानियों को प्रकृति के बेहद करीब होने का अनूठा अनुभव कराएगा। पर्यटन सीजन के आगाज को लेकर कॉर्बेट प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रेस्ट हाउसों का नवीनीकरण, आवश्यक सुविधाओं की दुरुस्ती और बरसात में क्षतिग्रस्त हुए वन मार्गों की मरम्मत कराई गई है। ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था के जरिए पर्यटक अपने देश में बैठकर अपनी मुद्रा में भी बुकिंग कर सकेंगे। ढिकाला में विदेशी पर्यटकों के लिए चार कमरे 90 दिन पहले बुकिंग के लिए उपलब्ध कराए जाते हैं।

लेकिन इस बार ढिकाला जोन का पर्यटन सीजन केवल वन्यजीवों के दीदार और प्राकृतिक खूबसूरती तक सीमित नहीं रहने वाला, बल्कि इसके आगाज के साथ ग्रामीणों के विरोध की गूंज भी सुनाई दे सकती है। दरअसल, दुर्गादेवी-मैदावन मोटर मार्ग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और वन विभाग के बीच टकराव की स्थिति लगातार गहराती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस मोटर मार्ग को क्षेत्र के हजारों लोगों के आवागमन के लिए नहीं खोला जा रहा, उसी मार्ग को 15 नवंबर से पर्यटकों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल करने की तैयारी की जा रही है। वन विभाग के इस कथित दोहरे रवैये से नाराज संघर्ष समिति ने एसडीएम रामनगर के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा है। साथ ही 15 नवंबर को कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के गेट का बहिष्कार कर विरोध दर्ज कराने का ऐलान किया है। ऐसे में जिस दिन कॉर्बेट प्रशासन देश-विदेश के पर्यटकों के स्वागत के लिए ढिकाला के दरवाजे खोलेगा, उसी दिन स्थानीय ग्रामीण अपने अधिकारों और आवागमन के सवाल को लेकर विरोध का मोर्चा खोल सकते हैं।

इधर, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक साकेत बडोला का कहना है कि ढिकाला जोन को खोलने की तैयारियां जोर-शोर से पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि टाइगर रिजर्व की नाइट स्टे सुविधा भी 15 नवंबर से शुरू हो रही है। सभी रेस्ट हाउसों को दुरुस्त करने के साथ वन मार्गों की मरम्मत कराई गई है, ताकि पर्यटकों को बेहतर वाइल्डलाइफ व्यूइंग का अनुभव मिल सके। विदेशी पर्यटकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था को भी आसान बनाया गया है। इसके साथ ही न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप टाइगर रिजर्व के कोर और वन्यजीव क्षेत्रों में मोबाइल फोन प्रतिबंध संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन कराया जाएगा। बहरहाल, एक ओर कॉर्बेट का बेमिसाल प्राकृतिक सौंदर्य दुनिया भर के सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए तैयार है, तो दूसरी ओर स्थानीय ग्रामीणों की नाराजगी वन विभाग के सामने गंभीर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना होगा कि 15 नवंबर को ढिकाला में पर्यटन सीजन का आगाज उत्साह के साथ होता है या ग्रामीणों का विरोध कॉर्बेट प्रशासन की तैयारियों पर भारी पड़ता है।

 

Advertisements
THE GREAT NEWS

THE GREAT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Translate »