स्वास्थ्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी…बेसमेंट में संचालित आशा हॉस्पिटल की ओटी, पैथोलॉजी लैब और एनआईसीयू सील, स्वास्थ्य विभाग का निरीक्षण अभियान जारी, श्री केदारनाथ हॉस्पिटल को सख्त चेतावनी
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली : मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर बेसमेंट में संचालित अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध चलाया जा रहा निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को नोडल अधिकारी डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में बदायूं रोड क्षेत्र में निरीक्षण किया गया, जहां आशा हॉस्पिटल के बेसमेंट में संचालित ऑपरेशन थिएटर (ओटी), पैथोलॉजी लैब एवं एनआईसीयू (NICU) को नियमों के उल्लंघन के चलते सील कर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया कि बेसमेंट में संचालित चिकित्सीय सुविधाओं के खिलाफ सुरक्षा मानकों और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है तथा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इसके बाद टीम ने श्री केदारनाथ हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित संचालक डॉ. स्नेहलता सिंह ने बताया कि अस्पताल का संचालन बंद कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कोई बेड नहीं मिला और न ही किसी प्रकार की चिकित्सीय गतिविधि संचालित होती पाई गई।
स्वास्थ्य विभाग ने संचालक को नोटिस जारी करते हुए निर्देश दिए हैं कि उक्त परिसर में भविष्य में किसी भी प्रकार का चिकित्सीय कार्य संचालित न किया जाए। विभाग का कहना है कि नियमों के अनुपालन को लेकर निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा और उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



