डिप्टी सीएमओ ने आरोग्य मेले और पल्स पोलियो अभियान का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दवाओं की जांची उपलब्धता और गाइडलाइन के अनुरूप सेवाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर
बरेली : मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के तहत रविवार को शहर के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित कुमार ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर एवं घेर जफर खां का निरीक्षण कर मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आज से प्रारंभ हुए राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का भी पर्यवेक्षण किया और अभियान की तैयारियों एवं संचालन की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमओ ने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, पंजीकरण व्यवस्था, चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण तथा अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने आवश्यक औषधियों की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया और ईडीएल के अनुसार दवाओं का मिलान कर उनकी उपलब्धता सुनिश्चित की।
डॉ. अमित कुमार ने संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का संचालन शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप किया जाए, ताकि आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वच्छता, दवा उपलब्धता और मरीजों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। डिप्टी सीएमओ ने अभियान से जुड़े स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि पांच वर्ष तक की आयु के प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाए तथा अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने माइक्रोप्लान के अनुरूप अभियान संचालित करने और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।



