युवाओं के सपनों पर ‘अग्निपथ’ का प्रहार: लालकुआँ में कांग्रेस का शंखनाद, भविष्य बचाने की मुहिम
मुकेश कुमार
लालकुआँ/बिन्दुखत्ता: देश की सीमाओं की रक्षा करने का सपना देखने वाले नौजवानों के भविष्य और उनकी सुरक्षा को लेकर आज लालकुआँ में बड़ा जनाक्रोश देखने को मिला। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए कांग्रेस पार्टी ने बिन्दुखत्ता स्थित शहीद स्मारक पर एक विशाल जनसभा का आयोजन किया। यह प्रदर्शन केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि उन बच्चों और युवाओं की आवाज बनकर उभरा है जो दिन-रात मैदानों में पसीना बहाकर सेना में स्थायी करियर का सपना देखते हैं।
इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश के दिग्गज नेताओं ने शिरकत की। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने एक सुर में कहा कि चार साल की अल्पकालिक सेवा युवाओं के करियर को अधर में लटका देगी। पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने इस योजना को वापस लेने की मांग करते हुए इसे देश की सुरक्षा और नौजवानों के सामाजिक-आर्थिक भविष्य के लिए घातक बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, उत्तराखंड पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने तकनीकी और सामरिक पहलुओं को रखते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जोर देकर कहा कि सेना की गरिमा और युवाओं का जोश तभी सुरक्षित है जब उन्हें स्थायी रोजगार की गारंटी मिले।
कांग्रेस पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष कुंदन मेहता के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं और नागरिकों द्वारा हस्ताक्षरित एक ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने साफ किया कि जब तक बच्चों के भविष्य को अंधकार में धकेलने वाली इस योजना को वापस नहीं लिया जाता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। जनसभा के बाद शहर में एक विशाल जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी दर्ज कराई गई।