कुंडा पुलिस की नशे के सौदागरों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, विक्रम राठौर और गणेश भट्ट की जोड़ी ने यूपी के तस्करों को दबोचा!
अज़हर मलिक
एसएसपी ऊधमसिंहनगर के निर्देशानुसार जनपद में नशे के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कुंडा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी और सफल ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ को अंजाम दिया है। जिस तरह फिल्मी पर्दे पर ‘विक्रम राठौर’ अपराधियों के पसीने छुड़ा देते हैं, ठीक उसी अंदाज में कुंडा थाना प्रभारी विक्रम राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्मैक की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर इलाके में हड़कंप मचा दिया है। 17 अप्रैल को ठाकुरद्वारा बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान सूर्या चौकी प्रभारी गणेश दत्त भट्ट की पैनी नजरों और सटीक घेराबंदी ने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से स्मैक लेकर आ रहे समीर खान और अजीम को रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार होकर नशा खपाने की फिराक में थे, लेकिन उपनिरीक्षक गणेश दत्त भट्ट की सक्रियता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से कुल 8.09 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। इलाके में इस कार्रवाई की जमकर सराहना हो रही है, क्योंकि थाना प्रभारी विक्रम राठौर और सूर्या चौकी इंचार्ज गणेश दत्त भट्ट की जुगलबंदी ने नशे के सौदागरों को साफ संदेश दे दिया है कि कुंडा क्षेत्र में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। इस सफल टीम में प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौर और उपनिरीक्षक गणेश दत्त भट्ट के साथ अपर उपनिरीक्षक रवीश राम, कांस्टेबल राजेश भट्ट और राजीव कुमार का भी विशेष योगदान रहा, जिन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए इन तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया।



