भाकियू की प्रदेश प्रवक्ता उषा चौधरी ने जगतपुर पट्टी में किसानों से की भेंट, ट्यूबवेल बिजली बिल माफ करने की मांग दोहराई
जसपुर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की उत्तराखंड प्रदेश प्रवक्ता उषा चौधरी ने ग्राम जगतपुर पट्टी स्थित संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता शीतल सिंह के आवास पर पहुंचकर क्षेत्र के किसानों और किसान नेताओं के साथ एक अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने कृषकों की क्षेत्रीय समस्याओं को गहराई से समझा और उनके निराकरण का आश्वासन दिया।
मीडिया से वार्ता करते हुए उषा चौधरी ने बताया कि बैठक के दौरान किसानों ने कृषि कार्यों में आ रही चुनौतियों में सबसे बड़ी समस्या नलकूप (ट्यूबवेल) के भारी-भरकम बिजली बिलों को लेकर जाहिर की है। उन्होंने कहा कि भाकियू लगातार उत्तराखंड सरकार से किसानों के ट्यूबवेल का बिजली बिल पूरी तरह शून्य (माफ) करने की मांग करती आ रही है। पड़ोसी राज्यों—उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब—का उदाहरण देते हुए उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि अन्य राज्यों की तर्ज पर उत्तराखंड के अन्नदाताओं को भी मुफ़्त बिजली का लाभ तत्काल दिया जाए, ताकि आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसानों को राहत मिल सके। इस मौके पर किसान नेता अमनप्रीत सिंह, सीतू त्यागी, धर्मेंद्र सिंह, राजकुमार सिंह सहित अनेक प्रमुख कृषक मौजूद रहे और उन्होंने भी अपनी आवाज बुलंद की।



