जसपुर सहकारी समिति चुनाव: भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल के मैदान में उतरने से वार्ड 7 बना ‘हॉट सीट’, प्रतिष्ठा की जंग तेज
जसपुर सहकारी क्रय-विक्रय समिति लिमिटेड के चुनाव हेतु नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन राजनीतिक हलचल उस समय और बढ़ गई जब वार्ड नंबर 07 महुआडाबरा से भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मनोज पाल (दस्तावेजों में दर्ज नाम मनोज कुमार) ने अपना पर्चा दाखिल किया। संगठन के इतने बड़े पद पर रहते हुए एक स्थानीय सहकारी समिति के चुनाव में उनकी भागीदारी को लेकर क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जिलाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण सांगठनिक दायित्व के साथ-साथ जमीनी स्तर की इस समिति के चुनाव में उतरना उनके लिए न केवल प्रतिष्ठा का प्रश्न है, बल्कि सत्ता के विकेंद्रीकरण और स्थानीय स्तर पर पकड़ मजबूत करने की दिशा में भी एक बड़ा कदम माना जा रहा है। हालांकि, भाजपा जिलाध्यक्ष के सामने इसी वार्ड से राकेश सिंह, हृदेश सिंह और सुखविन्दर कौर जैसे तीन अन्य प्रत्याशियों के मैदान में होने से यहाँ मुकाबला काफी दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण हो गया है।
वहीं अन्य वार्डों की बात करें तो वार्ड नं० 01 विशेष अन्य समिति (अनुसूचित जाति) से नरेश कुमार सागर और वीर सिंह के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि वार्ड नं० 02 गढ़ीनेगी (महिला, सामान्य) से सोनिका और राजकुमार ने अपनी दावेदारी पेश की है। वार्ड नं० 03 जसपुर किसान सेवा समिति से परमजीत कौर, नेहा, अमित कुमार और अवधेश चुनावी रण में उतरे हैं, तो वार्ड नं० 04 फीकापार किसान सेवा से विनोद देवी, वीरेन्द्र सिंह और अमरजीत सिंह के बीच मुकाबला तय हुआ है।
इसी प्रकार वार्ड नं० 05 जसपुर (महिला) से नीरू गहलौत और ममता देवी ने नामांकन कराया है, जबकि वार्ड नं० 06 भगवन्तपुर (सामान्य) से देवेन्द्र सिंह, लखवीर सिंह, सुवेग सिंह और जसविन्दर सिंह मैदान में हैं। निर्वाचन अधिकारी द्वारा नामांकन पत्रों की सूची सार्वजनिक किए जाने के बाद अब सभी की निगाहें चुनाव की अगली प्रक्रिया और परिणाम पर टिकी हैं, क्योंकि भाजपा जिलाध्यक्ष की मौजूदगी ने इस पूरे चुनाव को जिले भर में चर्चा का विषय बना दिया है।



