नागरिक सुरक्षा को लेकर बड़ा अभ्यास, 23 जनवरी को पूरे प्रदेश में होगा ब्लैकआउट मॉक ड्रिल
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली: आज प्रमुख सचिव, नागरिक सुरक्षा अनुभाग उत्तर प्रदेश शासन संयुक्ता समद्दार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त नागरिक सुरक्षा जनपदों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिनांक 23 जनवरी 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित किए जाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान प्रमुख सचिव संयुक्ता समद्दार एवं पुलिस महानिदेशक, नागरिक सुरक्षा उत्तर प्रदेश डी. के. ठाकुर द्वारा प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक साथ 23 जनवरी 2026 को सायं 6:00 बजे ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित किए जाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इस मॉक ड्रिल का आयोजन नागरिक सुरक्षा के समन्वय से जनपद के सभी स्टेकहोल्डर्स अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग, चिकित्सा विभाग, पुलिस प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सहयोग से किया जाए।
कार्यक्रम को प्रभावी एवं सफल बनाने के उद्देश्य से बरेली नगर में पूर्व में आयोजित ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की फोटो एवं वीडियो प्रदर्शित कर सभी जनपदों को ब्लैकआउट की प्रक्रिया एवं उसके महत्व से अवगत कराया गया।
बैठक में बरेली से सौरभ दुबे अपर जिलाधिकारी नगर, मुकेश चंद्र मिश्रा पुलिस अधीक्षक (नॉर्थ), अंजनी तिवारी क्षेत्राधिकारी यातायात, डॉ. अशमेर सिंह डिप्टी सीएमओ, मनु शर्मा मुख्य अग्निशमन अधिकारी, राकेश मिश्रा उप नियंत्रक, पंकज कुदेशिया एवं प्रमोद डागर सहायक उप नियंत्रक, तथा अक्षर सिंह आपदा विशेषज्ञ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी जनपदों को निर्देशित किया गया कि मॉक ड्रिल की पूर्व तैयारी, जनजागरूकता एवं विभागीय समन्वय सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया जाए।




