डॉक्टर और स्टाफ गायब मिले, अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग ने जड़ा सील, प्रसूता की मौत के बाद न्यू चिश्ती हॉस्पिटल पर बड़ा एक्शन, नोडल अधिकारी डॉ लईक के निरीक्षण की भनक लगते ही कई संस्थान बंद कर भागे संचालक
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली : बीते मंगलवार दुनका क्षेत्र में एक प्रसूता की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा एक्शन लेते हुए न्यू चिश्ती हॉस्पिटल को सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम जब मामले की जांच के लिए अस्पताल पहुंची तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। अस्पताल में न तो कोई डॉक्टर मौजूद मिला और न ही कोई पैरामेडिकल स्टाफ। परिसर में केवल एक चौकीदार और उसके पड़ोस का एक परिवार मौजूद मिला। गंभीर लापरवाही और संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए टीम ने मौके पर ही अस्पताल को सील कर दिया और पूरे मामले में विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी।
डिप्टी सीएमओ डॉ लईक अहमद की मौजूदगी में टीम ने अस्पताल परिसर में नोटिस चस्पा करते हुए संचालकों को अस्पताल से जुड़े सभी अभिलेख, मरीजों का रिकॉर्ड, पंजीकरण संबंधी दस्तावेज और स्टाफ का विवरण तत्काल जांच टीम के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। डॉ लईक अहमद का कहना है कि प्रसूता की मौत के मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और यदि उपचार में लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। निरीक्षण अभियान की सूचना मिलते ही कई अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों के संचालकों ने अपने संस्थान बंद कर दिए। निशा एंड मां हॉस्पिटल भी बंद मिला, जबकि कई अन्य पैथोलॉजी केंद्रों पर ताले लटके मिले। विभाग ने ऐसे सभी संस्थानों को चिन्हित कर लिया है और उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
डिप्टी सीएमओ डॉ लईक अहमद ने स्पष्ट किया कि बिना मानकों के अस्पताल चलाना, योग्य चिकित्सकों की अनुपस्थिति, अभिलेखों में अनियमितता अथवा मरीजों की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं निरीक्षण अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दुनका स्थित साई पैथोलॉजी, शीशगढ़ के सिद्धिकी हॉस्पिटल, ओम लाइक हॉस्पिटल, आयुषी हॉस्पिटल, एडवांस पैथोलॉजी, लाइफलाइन पैथोलॉजी, एमएस पॉलीक्लिनिक, जारा हयात हॉस्पिटल तथा मानपुर स्थित केयर एंड क्योर हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया। कई संस्थानों में कमियां मिलने पर नोटिस जारी किए गए, जबकि न्यू सहारा हॉस्पिटल निरीक्षण के समय बंद मिला। अभियान में सह नोडल अधिकारी डॉ. अमित दिनकर, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी शेरगढ़ डॉ. गजेंद्र चौहान, वार्ड बॉय राजेश तथा चालक राहुल शर्मा शामिल रहे।



