कानपुर में क्रूरता की हद पार: चाची ने बच्चों को हीटर से जलाया, घाव देखकर दहल उठी पुलिस
Kanpur के महाराजपुर क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां चार मासूम भाई-बहनों ने अपनी चाची पर बेरहमी से मारपीट और हीटर से जलाने का आरोप लगाया है। बच्चों के शरीर पर चोटों और जलने के निशान देखकर पुलिसकर्मी भी कांप उठे।
घटना गुरुवार शाम की है, जब यूपी-112 कंट्रोल रूम पर 14 वर्षीय किशोर का घबराया हुआ फोन आया। बच्चे ने रोते हुए कहा, “जल्दी आओ… हमारी बहन को चाची हीटर से जला रही है।” कॉल मिलते ही पीआरवी टीम तुरंत गांव पहुंची।
मौके पर किशोर अपने 11 वर्षीय और 4 वर्षीय भाई तथा 9 साल की बहन के साथ मिला। बच्चों ने पुलिस को अपने शरीर पर बने घाव दिखाए और बताया कि माता-पिता की मौत के बाद वे चाचा-चाची के साथ रह रहे हैं। आरोप है कि खाना मांगने पर बेल्ट से पीटा जाता है और हीटर से दागा जाता है।
पीआरवी स्टाफ अमरदीप और सुमित कुमार सिंह ने जब बच्चों से पूछताछ की तो वे फूट-फूट कर रोने लगे। बच्चों ने बताया कि उन्हें समय पर खाना तक नहीं दिया जाता और छोटी-छोटी बातों पर बुरी तरह पीटा जाता है। बच्चों की पीठ, हाथ, हथेली, जांघ और सिर पर चोटों के कई निशान मिले।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग भी मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने भी बच्चों के आरोपों को सही बताया। उनका कहना था कि बच्चे पहले भी प्रताड़ना की शिकायत करते थे, लेकिन घरेलू विवाद के डर से कोई खुलकर विरोध नहीं करता था।
जब पुलिस ने आरोपित चाची से पूछताछ की तो उसने कहा कि बच्चे स्कूल नहीं जाते और दुकान से चोरी करते हैं, इसलिए उन्हें मारा गया। इस पर पुलिसकर्मियों ने महिला को कड़ी फटकार लगाई और चेतावनी दी कि दोबारा ऐसी हरकत हुई तो जेल भेज दिया जाएगा।
बच्चों के भूखे होने की जानकारी मिलने पर दोनों पुलिसकर्मी खुद दुकान गए और खाने-पीने का सामान व राशन खरीदकर बच्चों को दिया। पुलिसकर्मियों की इस संवेदनशीलता की इलाके में काफी चर्चा हो रही है।
बाद में Uttar Pradesh Police को पूरे मामले की जानकारी दी गई। महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश सिंह मौके पर पहुंचे और बच्चों व ग्रामीणों से पूछताछ की।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि दोबारा बच्चों के साथ प्रताड़ना की शिकायत मिली तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



